Tuesday, January 22, 2013

कांग्रेस की है विकृत सोच और देश विरोधी आचरण



कांग्रेस की है विकृत सोच और देश विरोधी आचरण

कांग्रेस पार्टी विकृत सोच एवं राष्ट्र विरोधी आचरण की पहचान बन गई है। हिन्दू धर्म और भगवा के अपमान से कांग्रेस सत्ता का समर जीतने की रणनीति पर चल रही है। इसके चिंतन शिविर में निर्धनों, मजदूरो और किसानों के कल्याण पर कोई चर्चा नहीं हुई है।

देश हिन्दू और भगवा का अपमान नहीं सहन करेगा। भाजपा 24 अथवा 25 जनवरी को देश के सभी जिला मुख्यालयो पर उपवास, धरना और प्रदर्शन कर आतंकवादियों का सम्मान और भगवा का अपमान की आत्मघाती नीति के विरुद्ध आक्रोश व्यक्त करने का आव्हान करती है। मैं स्वयं 24 जनवरी को जयपुर में धरने में सम्मिलित रहुंगी।

गृह मंत्री शिंदे और कांग्रेसी नेता पाकिस्तानी आतंकवादियों में बहुत ही लोकप्रिय हो गए हैं। वहाँ आतंकवाद के प्रति संघर्ष को दुर्बल बनाने के लिए इनके प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है। गृहमंत्री में यदि साहस हो तो वे भाजपा और संघ के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करके दिखाए। देश के गृहमंत्री का कार्य तथ्यहीन आरोप लगाना नहीं होता है। उसे तो आतंकवाद का प्रशिक्षण दे रहे तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही करनी चाहिए।

गृहमंत्री और अन्य कांग्रेसी नेताओं के हिन्दू एवं भगवा आतंकवाद के वक्तव्य राष्ट्र द्रोह के समान है। विकिलिक्स नें दावा किया है कि सबसे पहले राहुल गांधी नें भगवा आतंकवाद की चर्चा अमेरिकी राजदूत से की थी। अब कांग्रेसी नेताओं में होड़ मची हुई है इस बात पर बढ़ चढ़ कर बोलने और स्वामी भक्ति दर्शाने की।

Saturday, January 19, 2013

Rape & Murder of 7 year Girl at Kankroli in Rajsamand



मासुम बालिका की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या
(समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों पर आधारित)
राजसमंद। यहां हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में गुरूवार रात एक युवक ने आठ वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर पहले दुष्कर्म किया और बाद में निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने रात भर की दौड़ भाग के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार तड़के शव बरामद किया।
वारदात के बाद शहर में आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने बाजार बंद करवा दिया। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी की नेतृत्व में जलचक्की चौराहे पर शव के साथ चार घंटे तक प्रदर्शन किया। सूचना पर जिला कलक्टर प्रीतम बी. यशवंत व पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर आरोपी को सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि राजकीय आरके अस्पताल के बाहर सब्जी बेचने वाले ठेला व्यवसायी की आठ वर्षीय पुत्री को गुरूवार शाम एक युवक बहला-फुसलाकर मोटर साइकिल पर बैठाकर ले गया।

काफी देर तक बच्ची नहीं लौटी तो उसके नाना व परिजनों ने रात साढ़े आठ बजे कांकरोली थाने में सूचना दी। बताया कि बच्ची मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर है। पुलिस तत्काल हरकत में आई और तलाश शुरू की। परिजनों के बताए हुलिए के आधार पर रात बारह बजे पुलिस ने कमल तलाई से आरोपी युवक को पकड़ लिया। गहनता से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह 50 फीट चौराहे के निकट बच्ची को छोड़ आया। पुलिस वहां पहुंची तो उसका शव मिला। हालात दुष्कर्म किए जाने के प्रमाण दे रहे थे। पुलिस ने तत्काल आरोपी गोरखपुर हाल कांकरोली निवासी मनोज प्रताप पुत्र सुरेन्द्र सिंह (28) गिरफ्तार किया। उसने वारदात को करना स्वीकारा कि हत्या से पूर्व उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस ने धारा 376 302 में मामला दर्ज किया।
राजसमंद की घटना का आरोपी मनोज जिला अस्पताल (आरके हॉस्पिटल) के पास से लड़की को चॉकलेट का लालच देकर ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। वह इससे पहले चोरी के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। उसे हाल ही में जमानत मिली थी।
घटना का पता चलते ही जिला मुख्यालय पर सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। मुर्दाघर से लेकर पूरे शहर में प्रदर्शन होते रहे और बाजार बंद रहा।

स्वेच्छा से रहे बाजार बंद
किरण माहेश्वरी नें घटना की विभिस्तता को देखते हुए व्यापार संघ से स्वेच्छा सो बाजार बंद करने का अनुरोध किया। इस पर सभी व्यापारियों नें बाजार बंद रखा एवं प्रदर्शन में सम्मिलित हुए। सभी समाजो के सदस्यों नें प्रदर्शन मे भाग लेकर कहा कि वो सर्व समाज की बेटी थी।

बच्ची के सिर, मुंह पर थी 20 चोटें
पुलिस के मुताबिक आरोपी गुरुवार शाम साढ़े छह बजे मोटरसाइकिल लेकर आरके अस्पताल पहुंचा। यहां बालिका का परिवार सब्जी का ठेला लगाता है। आरोपी ने बालिका को चॉकलेट और कुरकुरे दिए और थोड़ी देर में वापस आया। बालिका को अकेली पाकर चॉकलेट दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाने के लिए राजी कर लिया। वहां से धोइंदा के पास सालमपुरा गया और बीयर खरीदी। कच्चे रास्ते से होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास श्मशान भूमि के पास सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। वहीं उसके ऊपर पत्थर पटक-पटक कर मार डाला। बालिका के सिर, मुंह, कमर, हाथ, पैर सहित पूरे शरीर पर 20 से अधिक चोटें थीं। इसके बाद नग्न अवस्था में बालिका को अपने जैकेट में लपेट कर 50 फीट रोड के पास कमल तलाई पुलिया पर आया और शव को फेंक दिया।

लिखित आश्वासन पर माने
किरण माहेश्वरी ने मौखिक बयान को नकार दिया। राज्य सरकार से लिखित में जवाब देने की मांग पर सब अड़ गए। कलक्टर ने गृह मंत्रालय के प्रमुख शासन सचिव को विस्तृत रिपोर्ट सहित पत्र भेजा। वहां से इस बारे में लिखित में आश्वासन आने के बाद शाम करीब पौने पांच बजे मामला शांत हुआ। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। किरण नें शव परीक्षा के प्रतिवेदन को भी विधि विशेषज्ञों द्वारा अनुमोदित करवाया। ताकि बाद में आरोपी तकनीकी कमी के कारण बच नहीं जाए।

पांच लाख की आर्थिक सहायता
किरण नें परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की। जिला कलक्टर ने नगरवासियों में उत्पन्न आक्रोश की सुचना गृह सचिव को दी। त्वरित न्यायालय में वाद चलाने और तुरंत आर्थिक सहायता के बिना किरण के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों नें शवदाह करने से इंकार कर दिया। तब राज्य सरकार नें 5 लाख रु. की सहायता का चैक तुरंत देने और त्वरित न्यायालय में वाद चलाने का लिखित में पत्र दिया।



किया उग्र प्रदर्शन
दोपहर करीब एक बजे भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव व राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं व शहरवासियों ने शव के साथ जलचक्की चौराहे पर उग्र प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि मामले की सुनवाई फास्ट्रेक कोर्ट में हो और परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। इसी दौरान सभापति आशा पालीवाल, कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप पालीवाल, जिला कांग्रेस सचिव भगवतसिंह गुर्जर, पार्षद रवि गर्ग भी मौके पर पहुंचे। सभी सैकड़ों लोगों के साथ सड़क पर बैठ गए। घटना की गंभीरता को देख पुलिस प्रशासन सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल वहां पहंुचा। काफी समझाइश के बाद भी लोग मांगों पर अड़ रहे तो जिला कलक्टर प्रीतम बी. यशवंत एवं पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी वहां आए। कलक्टर ने सार्वजनिक कहा कि मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। दोषी को जल्द सख्त सजा मिले ऎसे प्रयास होंगे।


30 दिनों में दो सजा


किरण माहेश्वरी नें पुलीस अधीक्षक और जिला कलक्टर से आरोपी को 30 दिनों में सजा दिलवाने की मांग की। सजा में विलम्ब हुआ तो फिर भारी प्रदर्शन किया जाएगा।

Friday, January 18, 2013

देश की नहीं, वोटों की चिंता है कांग्रेस को


देश की नहीं, वोटों की चिंता है कांग्रेस को

जयपुर शिविर में कांग्रेस पार्टी सत्ता खोने के भय से चिंतित दिख रही है। कांग्रेस नें पेट्रोल, डीजल, रेल किराया, खाद्य तेलों और रसोई गेस के मूल्य बढ़ा कर जनता की कमर तोड़ दी है। शान्त प्रदर्शनकारियों पर निर्मम बल प्रयोग कर वह जनता से दूर हो चुकी है। कांग्रेस को देश की नहीं वोटों की चिन्ता है। सामान्य नागरिकों का शोषण कांग्रेस की संस्कृति बन गई है।

कांग्रेस नें राजस्थान की सतत उपेक्षा की है। राज्य को जल संकट दुर करने में विशेष सहायता, तेल शोधन संयत्र, रेल पथों का आमान परिवर्तन, उदयपुर में उच्च न्यायालय की खण्डपीठ, केन्द्रीय औद्योगिक परियोजनाएं की स्थापना एवं राज्य की अन्य आवश्यकताओं की सतत उपेक्षा की गई है।

देश में पाकिस्तान के प्रति भारत सरकार के कायरता पूर्ण व्यवहार पर भारी रोष है। पाकिस्तान नें भारतीय जवानों की बर्बरता पूर्ण हत्या, मु्म्बई पर आतंकी हमला और देश में नकली मुद्रा चलाने पर अभी तक कोई सार्थक कदम नहीं उठाया है। कांग्रेस पाकिस्तानी नेताओं से वार्ता के लिए उतावली क्यों है? चिंतन शिविर में देश को इन प्रश्नों का उत्तर चाहिए।

Friday, January 11, 2013

स्वाभिमान और दृढ़ता की उपेक्षा होगी घातक


स्वाभिमान और दृढ़ता की उपेक्षा होगी घातक

कांग्रेस सरकार की विदेश नीति में दुर्बलता और राष्ट्रहितों की अनदेखी से देश की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। स्वाभिमान और दृढ़ता की उपेक्षा अत्यंत घातक होगी। स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता है। विवेकानंद की वाणी अक्षय ऊर्जा की भण्डार है।

अभय रहने, साहसी बनने और लक्ष्य के प्रति सतत चेष्टा स्वामी विवेकानन्द का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है। स्वामी जी ने कहा था कि पवित्रता, दृढ़ता और उद्यमशीलता ये तीनों गुण ही देश को आगे बढ़ा सकते है।

पाकिस्तान द्वारा भारतीय जवानों पर किए गए बर्बर एवं अमानुषिक अत्याचारों पर केन्द्र सरकार की संवेदना शून्य टिप्पणी से भारतीयों में गहरा रोष है। पाकिस्तान एक चरमपंथी, अलोकतांत्रिक एवं असहिष्णु सामाजिक संरचना का देश है। उससे उसी भाषा में बात की जानी चाहिए। पाकिस्तान ने भारतीय जवानों के सिर काट कर देश के स्वाभिमान को चुनौती दी है।