Saturday, November 9, 2013

कांग्रेस नें बिगाड़ा देश का इतिहास व भूगोल

कांग्रेस नें बिगाड़ा देश का इतिहास व भूगोल
भारत के इतिहास और भूगोल के साथ कांग्रेस नें खिलवाड़ किया है। 1947 में स्वतंत्रता के साथ ही भारत का विभाजन कांग्रेस की सत्ता लोलुपता और कायर नीतियों का परिणाम थी। 1962 में चीन नें भारत की हजारों किं.मी. भूमि पर कब्जा कर लिया। 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय हुई थी। किन्तु भारत की पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान का छम्ब सेक्टर में किए गए छोटे से कब्जे को शांति के नाम पर स्वीकार कर लिया गया था। 1992 से 1997 के कार्यकाल में समझोते के नाम पर बांगलादेश को भारतीय भूभाग दे दिया गया।
देश के स्वर्णिम इतिहास के प्रति कांग्रेस के खिलवाड़ पर तो हजारों पृष्ट लिखे जा सकते हैं। इनके लिए राम एक काल्पनिक पात्र है। समुद्र सेतु का अस्तित्व नहीं है। महाराणा प्रताप और वीर शिवाजी महानायक नहीं विद्रोही मात्र थे। देश की आजादी पर केवल कांग्रेस के एक परिवार का ही अधिकार है।
आज देश कांग्रेस से भ्रष्टाचार, महंगाई, अवरुद्ध विकास, रोजगार में कमी, आतंकवाद, सीमा पर मंडराते खतरे पर जवाब मांग रहा है। कांग्रेस के बड़बोले नेताओं के साथ ही अखण्ड मोन व्रती भी इतिहास और भुगोल की चर्चा में यक्ष प्रश्नों को गोल कर रहे हैं। नरेन्द्र मोदी विकास और सुशासन की राजनीति को मुख्य धारा में लाना चाहते हैं। किन्तु कांग्रेस के नेता साम्प्रदायिकता और वैमनस्य की राजनीति को छोड़ना ही नहीं चाहते हैं।
रुपये का मूल्य आर्थिक स्थिति की तस्वीर दिखाता है। अटल जी की सरकार के समय 40 रुपयों में एक डालर आता था। आज एक डालर का भाव 62 रुपया है।

कांग्रेस मुक्त भारत, विश्व शक्ति भारत

Monday, November 4, 2013

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार


अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार

मतदान पूर्व और पश्चात सर्वेक्षण लोकतांत्रिक देशों में व्यापक रुप से प्रचलित है। यह जन भावनाओं का आकलन करने की सांख्यकि विधि पर आधारित है। निर्वाचन आयोग में कांग्रेस समर्थित अधिकारियों की भरमार है। इसलिए इस बार निर्वाचन आयोग प्रचार प्रसार के कार्यों को बाधित करने का हर संभव उपाय कर रहा है।

सर्वेक्षणो पर रोक लगाने का सुझाव जनता की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकारों का हनन है। यह जनता के विवेक और निर्णय लेने की क्षमता का भी सरासर अपमान है। चुनाव आयोग जनता को अपनी पंसद के प्रत्याशी अथवा दल का प्रचार करने से रोकने के लिए आदर्श आचार संहिता के नाम पर मनमानी कर रहा है। वह कैसा लोकतंत्र होगा, जिसमें नागरिकों को अपने पसंद की विचारधार, प्रत्याशी अथवा दल का प्रचार करने का अधिकार नहीं होगा?

कांग्रेस पार्टी सदैव अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को एक बड़ी बाधा मानती रही है। 1975 का आपातकाल, राजीव गांधी द्वारा समाचार प्रकाशन पर अंकुश लगाने का प्रयास और अभी सर्वेक्षणों पर रोक लगाने का समर्थन कांग्रेस के लोकतंत्र विरोधी दृष्टिकोण के उदाहरण है।


कांग्रेस विरोधी जनमत से घबरायी कांग्रेस चुनाव सर्वेक्षणों पर रोक लगा कर चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है। 

Thursday, September 26, 2013

पाकिस्तान से वार्ता शहीदों का अपमान

पाकिस्तान से वार्ता शहीदों का अपमान

पाकिस्तान भारत के विरुद्ध छद्म युद्ध कर रहा है। वहाँ का सत्ता एवं सैन्य प्रतिष्ठान आतंकवादियों को प्रत्यक्ष समर्थन एवं सहयोग दे रहा है। 2004 में पाकिस्तान से यह स्पष्ट सहमति बनी थी कि जब तक वहाँ की भूमि का आतंकवाद के लिए उपयोग होगा, कोई वार्ता नहीं होगी।
कांग्रेस सरकार की कायर नीतियों के कारण अब जम्मू आतंकवादियों का बड़ा निशाना बनता जा रहा है। आतंकी घटनाएं पाकिस्तानी सरकार की सुनियोजित व्युहरचना से ही हो रही है। ऐसे समय में पाकिस्तान के साथ वार्ता शहीदों का अपमान होगा। आतंकवाद और वार्ता साथ साथ नहीं चल सकती है। 

Friday, July 5, 2013

भाजपा शासित राज्यों में पहले से ही है खाद्य सुरक्षा

भाजपा शासित राज्यों में पहले से ही है खाद्य सुरक्षा

कांग्रेस खाद्य सुरक्षा अध्यादेश के बहाने जनता को भ्रमित करने का कुप्रयास कर रही है। भाजपा शासित राज्यों में निर्धन परिवारों को 4 वर्ष पूर्व से ही 2रु. किलो गेहूँ दिया जा रहा है। न तो इसके लिए किसी कानून की आवश्यकता पड़ी, नहीं किसी भारी भरकम प्रचार अभियान की। गुजरात और मध्यप्रदेश में तो निर्धन परिवारों को केन्द्रीय अध्यादेश से अधिक सहायता दी जा रही है। भाजपा की नीति जनता को सस्ते खाद्यान्न के साथ ही किसानों को भी लाभदायी मूल्य दिलवाने की है।
अध्यादेश में किसानों को लाभदायी मूल्यों का कोई प्रावधान नहीं है। निर्धन परिवारों को खाद्यान्न के साथ ही दालें भी अनुदानित दरों पर दी जानी चाहिए। कुपोषण एवं भुखमरी के निदान के लिए यह आवश्यक है। शहरों में ऐसे भोजनाल.यों की व्यवस्था होनी चाहिए, जहाँ पर कम दरों पर गुणवत्तायुक्त खाना मिलें। कांग्रेस की नीयत में खोट साफ दिख रही है। 9 वर्षों तक कुम्भकर्णी नींद सोने के बाद अब चुनाव सामने देख कर हड़बड़ी में अध्यादेश लाया गया है। पर इससे निर्धन , मजदूर और किसान को कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलने वाला है।

केन्द्र सरकार वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार को दूर करने कि दिशा में तो सोच भी नहीं रही है। वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण निर्धनों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पाती है।

Monday, June 24, 2013

डॉ. मुखर्जी के राजनीतिक दर्शन से ही भारत बनेगा वैश्विक महाशक्ति

डॉ. मुखर्जी के राजनीतिक दर्शन से ही भारत बनेगा वैश्विक महाशक्ति

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नें भारतीय राजनीति में राष्ट्रवाद की नींव रखी थी। स्वतंत्र भारत में देश की एकता के लिए बलिदान देने वाले वे प्रथम राज नेता थे।

आज देश में राजनीति का एकमात्र ध्येय सत्ता सुख ही रह गया है। सत्ता के लालच में तुष्टिकरण और जातिवाद राजनीति की धुरि बन गये है। कश्मीर में पुनः 1953 से पहले की स्थितियाँ लौटाने का षडयंत्र किया जा रहा है। सेना, पुलिस और प्रशासन में साम्प्रदायिक आधार पर विभाजन के प्रयास किए जा रहे हैं।

कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की साम्प्रदायिक एवं जातिवादी नीतियों के कारण देश का विकास विगत9 वर्षों से अवरूद्ध सा हो गया है। रूपये का मूल्य गिर कर 60 रु. डालर से भी नीचे चला गया है। वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने का सपना चुर चुर हो गया है। बेकारी और महंगाई की समस्या नियंत्रण से बाहर हो गई है।


साम्प्रदायिक एवं जातिवादी राजनीति का पराभव ही डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र की सच्ची श्रद्धांजली होगी। अल्पसंख्यक वाद, कट्टरवाद और अलगाववाद आज देश के लिए गंभीर खतरे है। धर्म निरपेक्षता के नाम पर कट्टरपंथी मुस्लिमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। राजनीतिक स्वार्थों को भूलाकर राष्ट्रहित में सामाजिक सद्भाव बढ़ाने और एकता को सशक्त बनाने वाली नीतियों को अपनाना हौगा। डॉ. मुखर्जी का राजनीतिक दर्शन ही भारत को वैश्विक महाशक्ति बना सकता है। 

Monday, May 6, 2013

घोटालों के सरदार है मनमोहन


घोटालों के सरदार है मनमोहन
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की कांग्रेस सरकार नें घोटालों के नए रिकार्ड बनाए हैं। वे सत्ता के लालच में वे घोटालों के सरदार बने हुए हैं। जांच ब्युरों के सर्वोच्च न्यायालय में दिए गए शपथ पत्र के बाद उन्हें पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रहा है।
कोयले की कालिख से देश को लज्जित किया
मनमोहन सिंह स्वयं कोयला मंत्रालय को देख रहे थे, जब सारे नियमों को धत्ता बताते हुए कोयला खानों के आवंटन में अरबों रुपयों का घोटाला हुआ। जांच प्युरों के प्रतिवेदन को बदलवानें में प्रधानमंत्री कार्यालय की सक्रिय भूमिका और विधि मंत्री की संलिप्तता देश के सामने आ चुकी है। सरकार रेडियो तरंगों के घोटालों में भी दोषियों को बचाने के लिए संसदीय जांच समिति का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस पार्टी और सरकार नें घोटालों की कालिख से देश को लज्जित किया है।
करोड़ो में हो रहा नियुक्तियों का खेल
कांग्रेस सरकार में नोट लेकर मलाईदार पदों पर नियुक्तियों का खेल पुराना है। रेल मंत्री पवन बंसल का किस्सा इस अंतहीन श्रृंखला की एक नई कड़ी मात्र है। रिश्वतखोरी के इतने स्पष्ट प्रमाणों की अनदेखी करके क्यों बंसल को बचाया जा रहा है? बोफोर्स में जिस लज्जाहीनता से गांधी परिवार और क्वात्रोचि को बचाया गया, क्या वही कहानी फिर से दोहराई जा रही है। रेलमंत्री और विधि मंत्री का पद पर बना रहना देश का अपमान है।
भारत की वैश्विक शक्ति की साख को गंभीर आघात
चीनी घुसपैठ पर भारत सरकार की लाचारी और पाकिस्तान, बांगलादेश, श्री लंका और मालदीव जैसे देशों के प्रति नीति में अस्पष्टता के कारण भारत की वैश्विक महाशक्ति के दावों पर गंभीर आघात लगा है। आज तो भारत एक क्षेत्रीय शक्ति के रुप में भी अपनी साख गवां रहा है। सरकार स्पष्ट करें कि अपनी ही सीमाओं से भारतीय सेना को पीछे हटाने की क्या विवशता है। वियतनाम जैसे छोटे देश नें भी चीन के अहंकार का मुंहतोड़ जवाब दिया था। पाकिस्तान के साथ देशहित विरोधी नीतियों क्यों अपनाई जा रही है।
कांग्रेस सरकार नें शासन की विश्वसनीयता खो दी
यह स्पष्ट है कि कांग्रेस की कायरतापूर्ण नीतियों के कारण भारत की सुरक्षा पर गंभीर खतरे उत्पन्न हो गए हैं। आज विकास अवरुद्ध हो गया है। विदेशों में भारत की साख को बट्टा लग गया है। जनता के धन को खुलेआम लुटा जा रहा है। केन्द्र सरकार भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी पोषक बन गई है। केन्द्र की कांग्रेस नीत संप्रग सरकार नें शासन करने की विश्वसनीयता खो दी है। दामादों और भानजों के माध्यम से भ्रष्टाचार के नूतन प्रयोग किए जा रहे हैं। 

Saturday, March 16, 2013

देहिक संबंधो की आयु सीमा घटाने से बढ़ेगी अराजकता



देहिक संबंधो की आयु सीमा घटाने से बढ़ेगी अराजकता
सहमति से यौन संबंधो की आयु सीमा घटा कर 16 वर्ष करने से देश की जनता में भारी रोष है। इससे सामाजिक अराजकता उत्पन्न हो जाएगी। इससे महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में भारी वृद्धि होगी। यह बच्चों के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। विवाह संबंधों की आयु 21 और 18 वर्ष किन्तु देहिक संबंधों की आयु 16 वर्ष करना, यह सही नहीं है। क्या सरकार विवाह से अधिक संबंधों को प्राथमिकता देती है। अविवाहित बच्चियों के संतान होने पर होने वाली समस्याओं के प्रति आंखें बंद नहीं की जा सकती है। बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने वाले सहमति को अपने बचाव का शस्त्र बना लेंगे। इससे लड़कियों की शिक्षा और रोजगार की समस्याएं बढ़ जाएगी। लड़कियों को विद्यालय में भेजने के प्रति समाज में वातावरण पर दुष्प्रभाव पड़ेगा। 18 वर्ष तक के व्यक्तियों को किशोर मान कर गंभीर अपराधों में भी सजा में छूट का विशेष कानून है। आयु सीमा घटाने से विधि व्यवस्था बनाए रखने की समस्य़ाएं भी बढ़ेगी।

Friday, March 8, 2013

महिला आरक्षण का वादा पुरा करें सरकार


महिला आरक्षण का वादा पुरा करें सरकार

संप्रग सरकार महिला आरक्षण के विषय में देश को धोखा दे रही है। 2004 और 2009 के चुनावों में कांग्रेस पार्टी नें विधायिका में एक तिहाई महिला आरक्षण का वादा किया था। कांग्रेस इस वादे भूल चुकी है।

भाजपा नें सरकार को महिला आरक्षण पर बिना शर्त समर्थन देनें का विश्वास दिलाया है। कांग्रेस पार्टी में महिला आरक्षण के लिए इच्छा शक्ति ही नहीं हैं। भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने संगठन के सभी स्तरों पर एक तिहाई महिला आरक्षण दे रखा है। सरकार महिला आरक्षण का वादा पुरा करें। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अंकुश के लिए कानून बनाने में विलम्ब किया जा रहा है। यह जनभावनाओं की अनदेखी है।

राजस्थान सरकार भी महिला हितों की उपेक्षा कर रही है। सभी संभाग मुख्यालयों पर महिला अपराध प्रकरणों पर विचारण के लिए त्वरित न्यायालय स्थापित करने की घोषणा पर सरकार मौन है। यह सरकार कू संवेदनहीनता है। राज्य में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में भारी वृद्धि हुई है। राजसमंद में बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या के प्रकरण में नियमित सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार की शिथिलता के कारण अपराधियों में भय नहीं रहा है।

महिलाओं को आवास, व्यापार एवं उद्योग के लिए ऋणों में 3 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाए। महिला करदाताओं को न्युनत्तम करमुक्त आय सीमा में पूर्व की तरह विशेष वर्ग मानते हुए 50000 रु. का लाभ दिया जाए।

Tuesday, March 5, 2013

द्वितीय सर्वसमाज सामुहिक विवाह आयोजन


द्वितीय सर्वसमाज सामुहिक विवाह आयोजन 13मई को

राजसमंद 05 मार्च 2013। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक एवं सर्वसमाज सामुहिक विवाह प्रन्यास की अध्यक्षा किरण माहेश्वरी की अध्यक्षता में प्रम्यास की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि द्वितीय सर्वसमाज सामुहिक विवाह अक्षय तृतीया की शुभ तिथि में 13 मई 2013 को आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष 100 युगलों के विवाह का लक्ष्य रखा गया है।

प्रन्यास अध्यक्षा किरण माहेश्वरी ने आव्हान किया कि सभी समाज इस कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी निभाएं। यह सामाजिक समरसता एवं समानता की रचनात्मक पहल है। कन्या सम्बल एवं संरक्षण की दिशा में यह कार्यक्रम मील का पत्थर है। आर्थिक अभावों के कारण कन्या विवाह की चिन्ता से ग्रस्त परिवारों की व्यथा से इस आयोजन की प्रेरणा मिली है। गत वर्ष में आयोजित सामुहिक विवाह में व्यापक जन भागीदारी इसकी उपादेयता को दर्शाती है।

बैठक में श्री महेन्द्र कोठारी को कार्यक्रम संयोजन मनोनीत किया गया। आयोजन समिति का केन्द्रीय कार्यालय विधायक कार्यालय राजसमंद पर रखा गया है। सभी तहसील मुख्यालयों पर पंजीयन हेतु केन्द्र स्थापित किए जाएगें। आयोजन के सभी पक्षों पर विशद् चर्चा की गई।

बैठक में अग्रवाल समाज के गिरिश अग्रवाल, माहेश्वरी समाज के कैलाश निष्कलंक, ओमप्रकाश मंत्री, गुर्जर गौड़ समाज के सुरेश जोशी, सिंधी समाज के लठ्ठाराम, सनाढ्य समाज के बकेंश सनाढ्य, शिवरत्न सनाढ्य, खटीक समाज के भुरा लाल खटीक, जाट समाज से गोपाल लाल जाट, पालीवाल समाज से प्यारेलाल श्रीमाली, माली समाज से बद्रीलाल भोई, नन्दवाना समाज से भैरुलाल, कुमावत समाज से चुन्नी लाल, गिरीराज कुमावत, गुर्जर समाज से विनोद चाष्टा, प्रवीण उपाध्याय, रघुनाथ सिंह गुर्जर, क्षोत्रिय समाज से रमेश चन्द्र, उपसभापति अर्जुन मेवाड़ा, पूर्व प्रधान श्री भानु पालीवाल, समाज सेवी बंशीलाल जी हिंगड़, पुर्वपालिका अध्यक्ष दिनेश पालीवाल, पार्षद राकेश बड़ाला, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश काबरा, पार्षद सुरेश पालीवाल, मधु चोरड़िया, रामेश्वर लाल, राजेश पालीवाल, गोपी देवी कुमावत, साकरोदा सरपंच धनसिंह राठौड़, रेडक्रास सोसायटी के राजकुमार दक, रेलमगरा के पूर्व सरपंच अरुण बोहरा, एडवोकेट कैलाश चन्द्र बौल्या किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष लेहरुलाल जाट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

किरण माहेश्वरी ने सभी समाजों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने सामाजिक मंचो पर चर्चा कर अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित करवावें। पंजीयन 10 मार्च से 10 अप्रेल 2013 तक किया जाएगा।

Saturday, February 9, 2013

जन दबाव ने विवश किया सरकार को


जन दबाव ने विवश किया सरकार को




संसद पर हमले के अपराधी को मृत्यु दण्ड देना देर से उठाया गया एक उचित कदम है। भारी जन दबाव से विवश सरकार ने अंतत: एक सही निर्णय लिया। कांग्रेस पार्टी मृत्युदण्ड देने में हुए भारी विलम्ब के प्रश्नों से बच नहीं सकती।

गृहमंत्री शिंदे हिन्दू एवं भगवा आतंकवाद और भाजपा व संघ पर आंतकवाद के प्रशिक्षण शिविर चलाने के मिथ्या आरोपों के अपराध से मुक्त नहीं हो सकते है। कांग्रेस पार्टी स्वतंत्रता के बाद से ही आतंकवाद पर राजनीति करती आ रही है। मृत्युदण्ड देने में भारी विलम्ब को विधि प्रक्रिया एवं लोकतंत्र का भाग बताना एक मिथ्या बहाना है। यह तुष्टीकरण के अपराध बोध को दर्शाता है।

आतंकवाद पर त्वरित, प्रभावी एवं शून्य उपेक्षा की नीति राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यावश्यक है।

Tuesday, January 22, 2013

कांग्रेस की है विकृत सोच और देश विरोधी आचरण



कांग्रेस की है विकृत सोच और देश विरोधी आचरण

कांग्रेस पार्टी विकृत सोच एवं राष्ट्र विरोधी आचरण की पहचान बन गई है। हिन्दू धर्म और भगवा के अपमान से कांग्रेस सत्ता का समर जीतने की रणनीति पर चल रही है। इसके चिंतन शिविर में निर्धनों, मजदूरो और किसानों के कल्याण पर कोई चर्चा नहीं हुई है।

देश हिन्दू और भगवा का अपमान नहीं सहन करेगा। भाजपा 24 अथवा 25 जनवरी को देश के सभी जिला मुख्यालयो पर उपवास, धरना और प्रदर्शन कर आतंकवादियों का सम्मान और भगवा का अपमान की आत्मघाती नीति के विरुद्ध आक्रोश व्यक्त करने का आव्हान करती है। मैं स्वयं 24 जनवरी को जयपुर में धरने में सम्मिलित रहुंगी।

गृह मंत्री शिंदे और कांग्रेसी नेता पाकिस्तानी आतंकवादियों में बहुत ही लोकप्रिय हो गए हैं। वहाँ आतंकवाद के प्रति संघर्ष को दुर्बल बनाने के लिए इनके प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है। गृहमंत्री में यदि साहस हो तो वे भाजपा और संघ के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करके दिखाए। देश के गृहमंत्री का कार्य तथ्यहीन आरोप लगाना नहीं होता है। उसे तो आतंकवाद का प्रशिक्षण दे रहे तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही करनी चाहिए।

गृहमंत्री और अन्य कांग्रेसी नेताओं के हिन्दू एवं भगवा आतंकवाद के वक्तव्य राष्ट्र द्रोह के समान है। विकिलिक्स नें दावा किया है कि सबसे पहले राहुल गांधी नें भगवा आतंकवाद की चर्चा अमेरिकी राजदूत से की थी। अब कांग्रेसी नेताओं में होड़ मची हुई है इस बात पर बढ़ चढ़ कर बोलने और स्वामी भक्ति दर्शाने की।

Saturday, January 19, 2013

Rape & Murder of 7 year Girl at Kankroli in Rajsamand



मासुम बालिका की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या
(समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों पर आधारित)
राजसमंद। यहां हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में गुरूवार रात एक युवक ने आठ वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर पहले दुष्कर्म किया और बाद में निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने रात भर की दौड़ भाग के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार तड़के शव बरामद किया।
वारदात के बाद शहर में आक्रोश बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने बाजार बंद करवा दिया। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी की नेतृत्व में जलचक्की चौराहे पर शव के साथ चार घंटे तक प्रदर्शन किया। सूचना पर जिला कलक्टर प्रीतम बी. यशवंत व पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर आरोपी को सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि राजकीय आरके अस्पताल के बाहर सब्जी बेचने वाले ठेला व्यवसायी की आठ वर्षीय पुत्री को गुरूवार शाम एक युवक बहला-फुसलाकर मोटर साइकिल पर बैठाकर ले गया।

काफी देर तक बच्ची नहीं लौटी तो उसके नाना व परिजनों ने रात साढ़े आठ बजे कांकरोली थाने में सूचना दी। बताया कि बच्ची मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर है। पुलिस तत्काल हरकत में आई और तलाश शुरू की। परिजनों के बताए हुलिए के आधार पर रात बारह बजे पुलिस ने कमल तलाई से आरोपी युवक को पकड़ लिया। गहनता से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह 50 फीट चौराहे के निकट बच्ची को छोड़ आया। पुलिस वहां पहुंची तो उसका शव मिला। हालात दुष्कर्म किए जाने के प्रमाण दे रहे थे। पुलिस ने तत्काल आरोपी गोरखपुर हाल कांकरोली निवासी मनोज प्रताप पुत्र सुरेन्द्र सिंह (28) गिरफ्तार किया। उसने वारदात को करना स्वीकारा कि हत्या से पूर्व उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस ने धारा 376 302 में मामला दर्ज किया।
राजसमंद की घटना का आरोपी मनोज जिला अस्पताल (आरके हॉस्पिटल) के पास से लड़की को चॉकलेट का लालच देकर ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। वह इससे पहले चोरी के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। उसे हाल ही में जमानत मिली थी।
घटना का पता चलते ही जिला मुख्यालय पर सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। मुर्दाघर से लेकर पूरे शहर में प्रदर्शन होते रहे और बाजार बंद रहा।

स्वेच्छा से रहे बाजार बंद
किरण माहेश्वरी नें घटना की विभिस्तता को देखते हुए व्यापार संघ से स्वेच्छा सो बाजार बंद करने का अनुरोध किया। इस पर सभी व्यापारियों नें बाजार बंद रखा एवं प्रदर्शन में सम्मिलित हुए। सभी समाजो के सदस्यों नें प्रदर्शन मे भाग लेकर कहा कि वो सर्व समाज की बेटी थी।

बच्ची के सिर, मुंह पर थी 20 चोटें
पुलिस के मुताबिक आरोपी गुरुवार शाम साढ़े छह बजे मोटरसाइकिल लेकर आरके अस्पताल पहुंचा। यहां बालिका का परिवार सब्जी का ठेला लगाता है। आरोपी ने बालिका को चॉकलेट और कुरकुरे दिए और थोड़ी देर में वापस आया। बालिका को अकेली पाकर चॉकलेट दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाने के लिए राजी कर लिया। वहां से धोइंदा के पास सालमपुरा गया और बीयर खरीदी। कच्चे रास्ते से होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास श्मशान भूमि के पास सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। वहीं उसके ऊपर पत्थर पटक-पटक कर मार डाला। बालिका के सिर, मुंह, कमर, हाथ, पैर सहित पूरे शरीर पर 20 से अधिक चोटें थीं। इसके बाद नग्न अवस्था में बालिका को अपने जैकेट में लपेट कर 50 फीट रोड के पास कमल तलाई पुलिया पर आया और शव को फेंक दिया।

लिखित आश्वासन पर माने
किरण माहेश्वरी ने मौखिक बयान को नकार दिया। राज्य सरकार से लिखित में जवाब देने की मांग पर सब अड़ गए। कलक्टर ने गृह मंत्रालय के प्रमुख शासन सचिव को विस्तृत रिपोर्ट सहित पत्र भेजा। वहां से इस बारे में लिखित में आश्वासन आने के बाद शाम करीब पौने पांच बजे मामला शांत हुआ। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। किरण नें शव परीक्षा के प्रतिवेदन को भी विधि विशेषज्ञों द्वारा अनुमोदित करवाया। ताकि बाद में आरोपी तकनीकी कमी के कारण बच नहीं जाए।

पांच लाख की आर्थिक सहायता
किरण नें परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की। जिला कलक्टर ने नगरवासियों में उत्पन्न आक्रोश की सुचना गृह सचिव को दी। त्वरित न्यायालय में वाद चलाने और तुरंत आर्थिक सहायता के बिना किरण के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों नें शवदाह करने से इंकार कर दिया। तब राज्य सरकार नें 5 लाख रु. की सहायता का चैक तुरंत देने और त्वरित न्यायालय में वाद चलाने का लिखित में पत्र दिया।



किया उग्र प्रदर्शन
दोपहर करीब एक बजे भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव व राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं व शहरवासियों ने शव के साथ जलचक्की चौराहे पर उग्र प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि मामले की सुनवाई फास्ट्रेक कोर्ट में हो और परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। इसी दौरान सभापति आशा पालीवाल, कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप पालीवाल, जिला कांग्रेस सचिव भगवतसिंह गुर्जर, पार्षद रवि गर्ग भी मौके पर पहुंचे। सभी सैकड़ों लोगों के साथ सड़क पर बैठ गए। घटना की गंभीरता को देख पुलिस प्रशासन सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल वहां पहंुचा। काफी समझाइश के बाद भी लोग मांगों पर अड़ रहे तो जिला कलक्टर प्रीतम बी. यशवंत एवं पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी वहां आए। कलक्टर ने सार्वजनिक कहा कि मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। दोषी को जल्द सख्त सजा मिले ऎसे प्रयास होंगे।


30 दिनों में दो सजा


किरण माहेश्वरी नें पुलीस अधीक्षक और जिला कलक्टर से आरोपी को 30 दिनों में सजा दिलवाने की मांग की। सजा में विलम्ब हुआ तो फिर भारी प्रदर्शन किया जाएगा।

Friday, January 18, 2013

देश की नहीं, वोटों की चिंता है कांग्रेस को


देश की नहीं, वोटों की चिंता है कांग्रेस को

जयपुर शिविर में कांग्रेस पार्टी सत्ता खोने के भय से चिंतित दिख रही है। कांग्रेस नें पेट्रोल, डीजल, रेल किराया, खाद्य तेलों और रसोई गेस के मूल्य बढ़ा कर जनता की कमर तोड़ दी है। शान्त प्रदर्शनकारियों पर निर्मम बल प्रयोग कर वह जनता से दूर हो चुकी है। कांग्रेस को देश की नहीं वोटों की चिन्ता है। सामान्य नागरिकों का शोषण कांग्रेस की संस्कृति बन गई है।

कांग्रेस नें राजस्थान की सतत उपेक्षा की है। राज्य को जल संकट दुर करने में विशेष सहायता, तेल शोधन संयत्र, रेल पथों का आमान परिवर्तन, उदयपुर में उच्च न्यायालय की खण्डपीठ, केन्द्रीय औद्योगिक परियोजनाएं की स्थापना एवं राज्य की अन्य आवश्यकताओं की सतत उपेक्षा की गई है।

देश में पाकिस्तान के प्रति भारत सरकार के कायरता पूर्ण व्यवहार पर भारी रोष है। पाकिस्तान नें भारतीय जवानों की बर्बरता पूर्ण हत्या, मु्म्बई पर आतंकी हमला और देश में नकली मुद्रा चलाने पर अभी तक कोई सार्थक कदम नहीं उठाया है। कांग्रेस पाकिस्तानी नेताओं से वार्ता के लिए उतावली क्यों है? चिंतन शिविर में देश को इन प्रश्नों का उत्तर चाहिए।

Friday, January 11, 2013

स्वाभिमान और दृढ़ता की उपेक्षा होगी घातक


स्वाभिमान और दृढ़ता की उपेक्षा होगी घातक

कांग्रेस सरकार की विदेश नीति में दुर्बलता और राष्ट्रहितों की अनदेखी से देश की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। स्वाभिमान और दृढ़ता की उपेक्षा अत्यंत घातक होगी। स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता है। विवेकानंद की वाणी अक्षय ऊर्जा की भण्डार है।

अभय रहने, साहसी बनने और लक्ष्य के प्रति सतत चेष्टा स्वामी विवेकानन्द का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है। स्वामी जी ने कहा था कि पवित्रता, दृढ़ता और उद्यमशीलता ये तीनों गुण ही देश को आगे बढ़ा सकते है।

पाकिस्तान द्वारा भारतीय जवानों पर किए गए बर्बर एवं अमानुषिक अत्याचारों पर केन्द्र सरकार की संवेदना शून्य टिप्पणी से भारतीयों में गहरा रोष है। पाकिस्तान एक चरमपंथी, अलोकतांत्रिक एवं असहिष्णु सामाजिक संरचना का देश है। उससे उसी भाषा में बात की जानी चाहिए। पाकिस्तान ने भारतीय जवानों के सिर काट कर देश के स्वाभिमान को चुनौती दी है।