Thursday, October 25, 2012

कांग्रेसी षडयंत्रो से भाजपा विचलित नहीं


भाजपा अध्यक्ष श्री नितीन गडकरी बधाई के पात्र है। उन्होंने उन पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की किसी भी एजेन्सी से जांच करवाने को कहा है। सारी एजेन्सियां कांग्रेस सरकार के नियत्रंण में है? इसलिए यह भी नहीं कहा जा सकता कि जांच में शिथिलता एवं पक्षपात की संभावना है। गडकरी जी को पूरा विश्वास है कि जांच के बाद उन पर लगे आरोपों की वास्तविकता सामने आ जाएगी। पर देशवासी यह अवश्य चाहेंगे कि केन्द्रीय सरकार के अधिकरण कांग्रेस के दबाव में विद्वेष पूर्वक कार्यवाही नहीं करें। कांग्रेस राबर्ट वाड्रा, सलमान खुर्शिद और वीरभद्र सिंह के विरुद्ध किसी भी जांच के लिए तैयार नहीं है।

श्री नितीन गडकरी पर भ्रष्टाचार के आरोप कांग्रेस की एक गहरी चाल है। कांग्रेस के नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। अपने मुंह पर लगी कालिमा से ध्यान हटाने के लिए भाजपा अध्यक्ष को निशाना बनाया जा रहा है? उन पर लगाया गया एक भी आरोप सत्ता के दुरूपयोग अथवा भ्रष्टाचार का नहीं है। देश की सत्ता संभालने के बाद से ही कांग्रेस की रणनीति है, विरोधियों की प्रतिष्ठा गिराना और चरित्र हनन।

कांग्रेस सरकार की दो ही उपलब्धियाँ है। पहली आम आदमी की कमर तोड़ना और दूसरी भ्रष्टाचार का नया इतिहास रचना। मूल्य वृद्धि और भारी बेकारी कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों का ही दुष्परिणाम है। खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश से करोड़ो व्यक्तियों का रोजगार छिनेगा, किसान और उपभोक्ता एकाधिकार के कारण शोषण के शिकार बनेंगे।

भाजपा भ्रष्टाचार और विदेशों में जमा काले धन के विरुद्ध अपना संघर्ष पूरी शक्ति के साथ जारी रखेगी। कांग्रेसी षडयंत्रो से भाजपा विचलित नहीं है। 

No comments:

Post a Comment